नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां मॉर्निंग वॉक से लौट रहे बुजुर्ग दंपति को Hyundai Creta ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 79 वर्षीय दयानंद तगरा और उनकी 71 वर्षीय पत्नी कुसुम तगरा घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा 2 अक्टूबर की सुबह आर्य समाज मंदिर के पास हुआ। CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि दंपति सड़क के बाईं ओर चल रहे थे, तभी पीछे से आई Creta ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे।

यह भी पढ़े:- एग्रो सर्विस शोरूम में लूट की कोशिश, बदमाशों ने पूर्व कृषि अधिकारी पर किया हमला
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, दयानंद के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कुसुम को भी चोटें लगी हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
CCTV में यह भी दिखाई देता है कि टक्कर के बाद महिला चालक कुछ देर के लिए कार से बाहर निकली और घायल बुजुर्ग की तरफ गई, लेकिन बाद में कार लेकर वहां से चली गई। पुलिस ने मामले में 49 वर्षीय नवलीन कौर को गिरफ्तार कर लिया है और Creta को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हादसे की आगे जांच शुरू कर दी है। अब सवाल यही है कि सड़क पर चल रहे बुजुर्ग दंपति को पीछे से टक्कर कैसे लगी और हादसे के बाद चालक के मौके से चले जाने की परिस्थितियां क्या थीं।

