जंडियाला -(मनदीप कौर)- पंजाब के जंडियाला रोड स्थित गांव मल्लियां खुर्द में दिनदहाड़े फर्नीचर शोरूम को निशाना बनाकर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अमर फर्नीचर हाउस में घुसकर फायरिंग की। इस घटना में शोरूम मालिक अमरदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
शोरूम में घुसा एक बदमाश

जानकारी के अनुसार, गांव मल्लियां खुर्द में जंडियाला गुरु जाने वाली मुख्य सड़क पर अमर फर्नीचर हाउस स्थित है। वारदात के समय शोरूम मालिक अमरदीप सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी गांव कद्दगिल शोरूम के अंदर मौजूद थे।
यह भी पढ़े:-दिल्ली में 3 वर्षीय बच्ची से कथित यौन उत्पीड़न, स्कूल कैब चालक गिरफ्तार
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। दो बदमाश मोटरसाइकिल के पास सड़क पर खड़े रहे, जबकि तीसरा बदमाश शोरूम के अंदर दाखिल हो गया।
चेहरा ढकने को लेकर हुई बात, फिर चला दी गोली
बताया जा रहा है कि शोरूम में दाखिल हुए बदमाश ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। अमरदीप सिंह ने उसे चेहरा ढकने वाला कपड़ा हटाने के लिए कहा। इसी दौरान बदमाश ने कथित तौर पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी।
गोली अमरदीप सिंह की जांघ को आर-पार करते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
फायरिंग की घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जाने की संभावना है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

