नई दिल्ली -( ब्यूरो रिपोर्ट)-तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और इनोवा की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कुल 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो में 32 वर्षीय आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ सफर कर रहे थे। वहीं दूसरी तरफ इनोवा में किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा AAP विधायक अनिल झा और कर्नाटक के BJP विधायक अभय पाटिल समेत अन्य लोग मौजूद थे।

डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंची स्कॉर्पियो
पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो लक्ष्मी नगर से ITO की तरफ जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और रेलिंग पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रही इनोवा से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक घायलों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
हादसे में दोनों गाड़ियों को भारी नुकसान
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इनोवा को भी सामने से काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद सड़क पर गाड़ियों के टूटे हुए हिस्से बिखर गए।
पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

