वाराणसी -(मनदीप कौर)- उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री की लाइसेंसी बंदूक की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। इस हादसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच में तैनात दो CISF कर्मचारी घायल हो गए।
बताया गया कि करीब सुबह 9:30 बजे एक यात्री अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने वाली फ्लाइट से सफर करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। यात्री ने अपने साथ ले जाई जा रही बंदूक को आधिकारिक तौर पर घोषित किया था। सुरक्षा जांच के दौरान कर्मचारी हथियार की बारीकी से जांच कर रहे थे, तभी अचानक बंदूक से एक राउंड फायर हो गया।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/ashish-banerjee-death-rampurhat-tmc-leader/
अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरे टर्मिनल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में CISF के दो सुरक्षा कर्मचारी गोली की चपेट में आकर घायल हो गए। घायल कर्मचारियों की पहचान महिला कर्मी सुमन कुमारी और युवक रोहित राज के रूप में बताई गई है।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। स्थानीय पुलिस के साथ संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। अचानक फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और हथियार से गोली कैसे चली, इसकी जांच की जा रही है।

