लुधियाना -(मनदीप कौर)- जिले में गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला सुंदर नगर इलाके से सामने आया है, जहां देर रात करीब 11:30 बजे हमलावरों ने 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय हरजिंदर सिंह अकेला था। बताया जा रहा है कि वह रात के समय अपने एक दोस्त की एक्टिवा उसके पास छोड़ने गया था। इसी दौरान एक कार में सवार होकर 5 से 6 लोग वहां पहुंचे।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-keemti-lal-bhagat-shopkeeper-dispute/
पहले मारपीट, फिर शुरू की फायरिंग
बताया जा रहा है कि कार सवार लोगों ने पहले हरजिंदर सिंह के साथ मारपीट की। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोली लगने से हरजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात की कुछ तस्वीरें और CCTV फुटेज भी सामने आई हैं, जिनमें कथित तौर पर आरोपी फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
परिवार का इकलौता कमाने वाला था हरजिंदर
जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने जांच शुरू की
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कार में सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

