जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब सरकार ने राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 100 नए आम आदमी क्लिनिक शुरू किए हैं। इन नए क्लिनिकों के खुलने के साथ ही पंजाब में आम आदमी क्लिनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो गई है। सरकार का दावा है कि इससे लाखों लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
सरकार के अनुसार, इन 100 नए क्लिनिकों का उद्घाटन 25 जुलाई से 27 जुलाई तक तीन दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा। इनमें 73 शहरी और 27 ग्रामीण क्षेत्रों के क्लिनिक शामिल हैं। कैबिनेट मंत्री, विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता इन क्लिनिकों का उद्घाटन करेंगे।
जालंधर के वेस्ट हलके में भी तीन नए आम आदमी क्लिनिक शुरू किए गए हैं। ये क्लिनिक बूटा मंडी, बूढ़ा माल ग्राउंड और लेदर कॉम्प्लेक्स के पास स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक क्लिनिक पर लगभग 25-25 लाख रुपये की लागत आई है।
यह भी पढ़े :-https://chardapunjabtv.com/cjp-jantar-mantar-protest-ended-dharmendra-pradhan-resignation/
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि आम आदमी क्लिनिक योजना के तहत लोगों को 107 आवश्यक दवाइयां और 47 डायग्नोस्टिक टेस्ट पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के अपने वादे को लगातार पूरा कर रही है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक पंजाब में आम आदमी क्लिनिकों के माध्यम से 5.90 करोड़ से अधिक ओपीडी मरीजों को इलाज मिल चुका है, जबकि 3.43 करोड़ से ज्यादा मुफ्त डायग्नोस्टिक टेस्ट किए जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि नए क्लिनिक खुलने से लोगों को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ज्यादा सुलभ होंगी।

