देश में सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया नाम तेजी से वायरल हो रहा है — Cockroach Janta Party (CJP)। महज कुछ दिनों में यह नाम युवाओं के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। इस डिजिटल आंदोलन की शुरुआत उस वक्त हुई जब 15 मई को भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से जुड़ी एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर युवाओं को “Parasite” और “Cockroach” कहे जाने को लेकर बहस छिड़ गई।
इसी बयान के विरोध और व्यंग्यात्मक जवाब के तौर पर Boston University में पढ़ रहे भारतीय छात्र अभिजीत डिपके ने “Cockroach Janta Party” यानी CJP की शुरुआत की। देखते ही देखते यह नाम सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा और पार्टी के Instagram अकाउंट पर सिर्फ 5 दिनों के भीतर करीब 20 लाख Followers जुड़ गए।
क्या है Cockroach Janta Party?
CJP खुद को Gen-Z यानी नई पीढ़ी की आवाज बता रही है। यह कोई पारंपरिक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शुरू हुआ एक व्यंग्यात्मक और राजनीतिक अभियान माना जा रहा है।
युवाओं, बेरोजगारों और छात्रों के मुद्दों को लेकर पार्टी ने अपना 5 सूत्रीय घोषणा पत्र भी जारी किया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
CJP की 5 बड़ी मांगें
1. रिटायरमेंट के बाद CJI को सरकारी पद न मिले
पार्टी की मांग है कि किसी भी मुख्य न्यायाधीश को रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा सीट या अन्य सरकारी पद इनाम के रूप में नहीं दिया जाना चाहिए।
2. दल बदलने वाले नेताओं पर रोक
CJP ने कहा है कि राघव चड्ढा जैसे दल बदलने वाले नेताओं पर 20 साल तक राजनीति करने पर प्रतिबंध लगाया जाए।
3. संसद में महिलाओं को 50% आरक्षण
पार्टी ने महिलाओं को सीधे संसद में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग उठाई है।
4. वोट कटने पर चुनाव आयोग पर सख्त कार्रवाई
घोषणा पत्र में कहा गया है कि अगर किसी नागरिक का वोट काटा जाता है तो मुख्य चुनाव आयुक्त पर UAPA जैसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
5. मीडिया चैनलों के लाइसेंस रद्द करने की मांग
CJP का कहना है कि बड़े उद्योगपतियों के मीडिया चैनलों के लाइसेंस रद्द किए जाएं ताकि स्वतंत्र पत्रकारिता को बढ़ावा मिल सके। साथ ही TV एंकरों के बैंक खातों की जांच की मांग भी की गई है।
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?
CJP की भाषा गंभीर राजनीति और व्यंग्य का मिश्रण है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ते नजर आ रहे हैं। Instagram और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी के मीम्स, पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह Gen-Z की उस नाराजगी को दर्शाता है, जो बेरोजगारी, राजनीति और सिस्टम को लेकर सोशल मीडिया के जरिए सामने आ रही है।
क्या चुनाव लड़ेगी CJP?
फिलहाल Cockroach Janta Party सिर्फ डिजिटल आंदोलन के रूप में सामने आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग यह सवाल जरूर पूछ रहे हैं कि क्या आने वाले समय में यह संगठन असली राजनीति में उतरकर चुनाव भी लड़ेगा?
हालांकि अभी तक CJP की ओर से चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।

