जालंधर -( मनदीप कौर)- राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर में एक निजी पासपोर्ट एजेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरदीप कौर के रूप में हुई है।
विजिलेंस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था और पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जालंधर स्थित पासपोर्ट कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि पासपोर्ट जल्द जारी करवाने के लिए निजी पासपोर्ट एजेंट हरदीप कौर ने ₹20,000 रिश्वत ली।

यह भी पढ़े:-ट्रेलर और पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर, दोनों चालकों की मौत
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसके बाद उसने मामले की शिकायत विजिलेंस ब्यूरो की जालंधर यूनिट से की। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो आधिकारिक गवाहों की मौजूदगी में हरदीप कौर को ₹20,000 रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान एक अन्य आरोपी नरिंदर पाल सिंह उर्फ एनपी का नाम भी सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी फिलहाल लंबित बताई गई है।
विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, मामले में आगे की जांच के दौरान पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जालंधर के वीबी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

