जालंधर -(मनदीप कौर)- जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स स्थित राधे श्याम डेयरी में दूध में पानी मिलाने के आरोपों को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद डेयरी पर सवाल उठे थे। अब डेयरी मालिक ने सामने आकर इन आरोपों को गलत और निराधार बताया है।
वायरल वीडियो में राधे श्याम डेयरी में दूध में पानी मिलाने के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद मामला चर्चा में आया। डेयरी मालिक का कहना है कि वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया और उसमें दिखाई गई खाली ड्रम धोने की प्रक्रिया को दूध में पानी मिलाने से जोड़ दिया गया।

यह भी पढ़े:- गढ़ा के वाल्मीकि मोहल्ले में खूनी झड़प, युवक पर कृपाण से हमला; 3 गिरफ्तार
डेयरी संचालक ने आरोप लगाया कि वीडियो को जानबूझकर तैयार कर वायरल किया गया, जिससे उनकी डेयरी की छवि खराब हो। उन्होंने अपने पक्ष में सफाई देते हुए कहा कि दूध में पानी मिलाने के आरोप पूरी तरह गलत हैं।
मामले में कुछ अन्य डेयरी कारोबारियों ने भी सामने आकर डेयरी मालिक का समर्थन किया और वायरल वीडियो को लेकर अपनी बात रखी।
वहीं, मामले से जुड़ी विभागीय कार्रवाई को लेकर भी विवाद सामने आया है। एक अन्य डेयरी संचालक ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रेड के बाद कथित तौर पर सुबह करीब 8 बजे पीपीआर स्थित ढाबे में बैठकर सेटिंग की गई। हालांकि, फूड सेफ्टी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ने इन आरोपों से इनकार किया है।
अधिकारी के अनुसार, विभाग की टीम ढाबे पर केवल नाश्ता करने गई थी। उन्होंने कहा कि विभाग पर झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दूध में पानी मिलाने के आरोप, वायरल वीडियो और विभागीय कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के दावे सामने आए हैं। मामले में तथ्यों की पूरी तस्वीर जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।

