जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के मिठापुर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की बच्ची की मौत होने का मामला सामने आया है। परिवार के अनुसार बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक कार चालक वहां पहुंचा और कार की चपेट में बच्ची आ गई।
बताया जा रहा है कि बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के लिए पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से चला गया और बाद में एक कोठी में जाकर छिप गया। परिवार ने पुलिस प्रशासन पर भी मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने और आरोपी पक्ष के साथ मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़े:- वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वालों के लिए खुशखबरी, सभी रास्ते खुले; हेलीकॉप्टर-बैटरी कार सेवा जारी
परिवार के मुताबिक हादसा एक ऐसी गली में हुआ, जहां वाहनों की आवाजाही सीमित बताई जा रही है। परिजनों ने घटना के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की मांग भी की है, ताकि हादसे से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आ सके।
परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से मामले को समझौते के जरिए खत्म करने का दबाव बनाया गया। हालांकि, ये सभी परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत और डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू किए जाने की बात सामने आई है। मामले में हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और कार चालक की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

