तरनतारन: -(Mandeep kaur )- जिले से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस और वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़ होने की सूचना है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई गांव बाठ के पास की गई, जहां AGTF के एसपी बिक्रम सिंह बराड़ की अगुवाई वाली टीम ने नाकाबंदी की थी।
जानकारी के अनुसार पुलिस को दो वांछित आरोपियों के मोटरसाइकिल पर आने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। जब मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों को रुकने का इशारा किया गया तो पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल
पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़े:- जालंधर में 1 साल का राजन लापता, परिवार ने लगाया रोड जाम; पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
पुलिस के अनुसार कश्मीर सिंह उर्फ भुंगी, निवासी मुरादपुरा, को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे आरोपी गुरसेवक सिंह निवासी नौरंगाबाद को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती करवाया गया है।
दोनों आरोपी पुलिस को थे वांछित
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी तरनतारन में मामला दर्ज है और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि 1 अगस्त को गांव मुरादपुरा में नशा तस्करों की तलाश के लिए पुलिस ने रेड की थी। पुलिस के अनुसार उस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। इस घटना में पुलिस कांस्टेबल भूपिंदर सिंह और एक तीन वर्षीय बच्ची गोली लगने से घायल हुए थे।
उस घटना के बाद से ही पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी।
मौके से हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद मौके से 30 बोर का एक पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों में उनकी क्या भूमिका रही है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मुठभेड़ की परिस्थितियों और बरामद हथियारों को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

