पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के बरनाला स्थित घर के बाहर देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांव फरवाही स्थित उनके घर के बाहर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच 7 से 8 राउंड फायरिंग की गई।
घटना से जुड़ी एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें तीन मोटरसाइकिल सवार नजर आ रहे हैं। वीडियो में तीनों कथित तौर पर घर के बाहर फायरिंग करने के बाद मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं।

फिलहाल इस घटना में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सामने आई वीडियो की जांच की जा रही है। फायरिंग के पीछे क्या कारण था और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है।

