लुधियाना:-(Mandeep kaur)-प्रेम नगर इलाके में एक मोबाइल शॉप पर 5-6 हथियारबंद युवकों द्वारा हमला करने और जमकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी धांधरी की टीम जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालिका मुस्कान ने आरोप लगाया कि इलाके के ही एक युवक ने MI कंपनी का मोबाइल किस्तों पर लिया था। उसके द्वारा समय पर किस्त जमा नहीं करवाने के बाद मोबाइल लॉक कर दिया गया। आरोप है कि इसी बात की रंजिश रखते हुए युवक अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और हमला कर दिया।

यह भी पढ़े:-श्रद्धालुओं को छोड़कर लौट रही बस सड़क से नीचे पलटी, ड्राइवर-हेल्पर घायल
मुस्कान के मुताबिक, हमलावरों ने पहले दुकान के बाहर हंगामा किया और एक्टिवा में तोड़फोड़ की। इसके बाद दुकान के अंदर पत्थर फेंके गए। इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
सोने की चेन और नकदी ले जाने का आरोप
दुकान संचालिका ने आरोप लगाया कि हमलावर उसके गले में पहनी करीब डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन झपटकर ले गए। इसके अलावा करीब 70 हजार रुपये की नकदी और 3-4 मोबाइल फोन भी ले जाने का आरोप है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
मुस्कान का कहना है कि वह दुकान अकेले चलाती हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद अब उन्हें दुकान पर बैठने में डर लग रहा है। उनका आरोप है कि हमलावर लगातार उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिसके कारण वह अपने कारोबार और सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
परिजनों ने भी सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
मुस्कान के भाई प्रिंस ने बताया कि घटना के बाद परिवार में डर का माहौल है। उनका कहना है कि हमलावरों की ओर से लगातार धमकियां मिलने का आरोप है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक, हमले में शामिल युवकों में से कुछ ग्यासपुर इलाके के बापू मार्केट में रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी डर का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस चौकी धांधरी की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ घटना के पीछे के विवाद और लगाए गए लूट के आरोपों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में वास्तव में क्या-क्या हुआ और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

