अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में 22 वर्षीय सोफिया की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर जिस मामले को सड़क हादसा समझा जा रहा था, उसके पीछे कथित तौर पर हत्या की साजिश होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार सोफिया अपने दोस्त हबीब के साथ मोटरसाइकिल पर थी, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सोफिया को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़े:-पठानकोट में ₹58 लाख की क्रिप्टो ठगी का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि सोफिया को सुनसान इलाके में ले जाया गया था। पुलिस का आरोप है कि वहां उसके सिर पर लोहे के हथौड़े से वार किया गया और बाद में घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
पुलिस ने इस मामले में सोफिया के पिता 56 वर्षीय मोहम्मद फारूक नवाबखान और भाई 38 वर्षीय हबीब फारूक को आरोपी बनाया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने कथित तौर पर परिवार की इज्जत के नाम पर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब तीन महीने पहले सोफिया और एक युवक का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद परिवार की ओर से सोफिया को दूसरे युवकों से बातचीत करने पर आपत्ति जताई गई थी। पुलिस इसी विवाद को हत्या की कथित वजह के तौर पर जांच रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। हालांकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

