नई दिल्ली -(मनदीप कौर)- कनाडा पुलिस ने कैलगरी में जबरन वसूली से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ हत्या, बलात्कार, अपहरण और आपराधिक साजिश समेत 56 आरोप दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में से कोई भी कनाडा का नागरिक नहीं बताया गया है।
अप्रैल 2025 से सामने आए 49 मामले

कैलगरी पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े लोगों पर अप्रैल 2025 से अब तक जबरन वसूली से संबंधित 49 घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं। इनमें 19 घटनाएं गोलीबारी से जुड़ी बताई गई हैं।
पुलिस का कहना है कि 18 मामलों में पीड़ितों या उनकी संपत्ति को निशाना बनाया गया, जबकि एक मामले में संदिग्धों के बीच गोलीबारी हुई।
पंजाब से वीजा पर कनाडा गए थे कुछ आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों में कुछ युवक पंजाब से वीजा पर कनाडा गए थे और बाद में कथित तौर पर गिरोह से जुड़ गए। पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं और लोगों से संदिग्धों या उनके सहयोगियों के बारे में जानकारी देने की अपील की है।
लोगों को झूठे मामलों में फंसाने का आरोप
जांच में पुलिस को कथित तौर पर एक ऐसा पैटर्न मिला, जिसमें लोगों की निजी दुश्मनी, आपसी विवाद और अन्य जानकारियां जुटाकर उन्हें गिरोह के जाल में फंसाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, जबरन वसूली की मांग पूरी नहीं होने पर महिलाओं और अन्य सहयोगियों के जरिए अलग-अलग जगहों पर गंभीर धाराओं में मामले दर्ज करवाने का आरोप भी सामने आया है।
5 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कैलगरी पुलिस ने इस मामले में जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजल, गुड्डी, कुंती और प्रीति को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क, कथित जबरन वसूली और इससे जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है। आरोपियों पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत की कार्रवाई के बाद ही होगी।

