पुणे/इंदापुर: महाराष्ट्र के पुणे जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। इंदापुर तालुका के तरंगवाड़ी गांव में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में दो बेटों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ कथित तौर पर बीच सड़क मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मां के नाम की जमीन बेचने पर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे 65 वर्षीय तुकाराम किसन राऊत अपनी पत्नी अंजना के साथ तरंगवाड़ी इलाके में सड़क पर जा रहे थे। इसी दौरान उनके दोनों बेटे संजय और राजेंद्र कार से वहां पहुंचे।
दोनों बेटों ने कथित तौर पर अपनी मां अंजना के नाम की जमीन बेचने को लेकर माता-पिता से सवाल-जवाब शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
लाठी से किया हमला, दोनों माता-पिता घायल
रिपोर्ट के अनुसार, आरोप है कि दोनों बेटों ने लकड़ी के डंडे से अपने पिता और मां को पीटा। मारपीट में तुकाराम राऊत के चेहरे, पीठ, पैरों और कंधे पर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी अंजना के हाथ और कमर में चोट लगी।
घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज
पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर इंदापुर पुलिस ने दोनों बेटों संजय तुकाराम राऊत और राजेंद्र तुकाराम राऊत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है। वीडियो में बुजुर्ग माता-पिता के साथ सड़क पर मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना ने जमीन-जायदाद के विवाद में पारिवारिक रिश्तों के बिगड़ते रूप पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

