जालंधर:-(mandeep kaur)- शहर में देर रात गुरुद्वारा साहिब के बाहर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। थाना नंबर 4 के अधीन डॉ. अंबेडकर चौक, नकौदर चौक के पास स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर दो युवकों ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि गुरुद्वारा साहिब के सेवादार की सतर्कता के चलते दोनों युवक वारदात को अंजाम दिए बिना मौके से फरार हो गए। घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है।
रात करीब 1:30 बजे की घटना

गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजीत सिंह लक्की के अनुसार घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय कुछ सेवादार गुरुद्वारा साहिब के अंदर सेवा कर रहे थे।
इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति अपना स्कूटर खड़ा कर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने लगा। आरोप है कि इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बुजुर्ग को धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे।
शोर सुनकर नीचे पहुंचे सेवादार
बुजुर्ग व्यक्ति ने युवकों का विरोध करते हुए शोर मचा दिया। आवाज सुनकर गुरुद्वारा साहिब में सेवा कर रहे अन्य लोग नीचे पहुंचे। लोगों को आते देख दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से घटना की शिकायत संबंधित पुलिस थाने में दी गई है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
सामने आई CCTV फुटेज में कथित तौर पर देखा जा सकता है कि बुजुर्ग व्यक्ति गुरुद्वारा साहिब के बाहर मौजूद है और इसी दौरान दो बाइक सवार वहां पहुंचते हैं। एक युवक कथित तौर पर तेजधार हथियार लेकर बुजुर्ग के पास जाता दिखाई देता है।
आरोप है कि युवक हाथापाई करते हुए लूट की कोशिश करता है, लेकिन बुजुर्ग किसी तरह गुरुद्वारा साहिब के अंदर पहुंचकर खुद को बचाने में कामयाब हो जाता है। इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो जाते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजीत सिंह लक्की ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है और CCTV फुटेज भी उपलब्ध करवाई गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लक्की के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन के भीतर पकड़ने का भरोसा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सिंह सभाओं और विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के सदस्यों के साथ बैठक कर प्रदर्शन किया जाएगा।
जालंधर में बढ़ती लूट की घटनाओं पर चिंता
जालंधर शहर में लूट और झपटमारी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। देर रात धार्मिक स्थल के बाहर हुई कथित लूट की कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। अब पुलिस के सामने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की चुनौती है।

