जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर इंडस्ट्रियल एस्टेट के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मछली मार्केट के पीछे स्थित एक खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद हुआ। शव पूरी तरह जला हुआ था, जिसके कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
खाली प्लॉट में मिला जला हुआ शव

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मछली मार्केट के पीछे खाली प्लॉट में एक जला हुआ शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह भी पढ़े:-लुधियाना के दुगरी में महिला ने दो बच्चों के साथ नहर में लगाई छलांग, एक बच्चे की मौत
मौके पर पुलिस को शव के पास पेट्रोल की एक बोतल भी मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।
हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत हत्या के बाद शव जलाने से हुई है या यह आत्महत्या का मामला है। मौके से मिले सुरागों को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
थाना डिवीजन नंबर 8 के प्रभारी साहिल चौधरी के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 9 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फॉरेंसिक टीम को भी इसकी जानकारी दी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

