जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब गौशाला कमीशन के वाइस चेयरमैन कीमती लाल भगत का जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में एक दुकानदार के साथ विवाद हो गया। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में सड़क किनारे खड़ी एक कार और दुकानदार के साथ हुई बहस दिखाई दे रही है।
सड़क पर सामान रखने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, कीमती लाल भगत कार से भार्गव कैंप इलाके से गुजर रहे थे। इस दौरान उनकी एक दुकानदार से सड़क पर सामान रखने को लेकर बहस हो गई। बताया जा रहा है कि दुकानदार का सामान सड़क की ओर रखा हुआ था, जिससे लोगों और वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही थी।
बहस बढ़ने के बाद कीमती लाल भगत गाड़ी से बाहर आए। उन्होंने दुकान के बाहर रखी कोल्ड ड्रिंक की पेटियां सड़क पर फेंकनी शुरू कर दीं। इसके साथ ही नमकीन के पैकेट और अन्य सामान भी सड़क पर बिखर गया।
सड़क पर लगा जाम, लोगों ने हटाया सामान
सामान सड़क पर गिरने के बाद वहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। बाद में लोगों ने सड़क से सामान हटाकर रास्ता साफ किया।
बताया जा रहा है कि कीमती लाल भगत ने दुकानदार को सड़क पर सामान नहीं रखने की हिदायत दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। घटना का वीडियो अब सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

