जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब का एक युवक रूस में फंसा होने का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगा रहा है। युवक ने आरोप लगाया है कि एजेंट ने उसे वर्क वीजा का झांसा देकर टूरिस्ट वीजा पर रूस भेज दिया। वहां पहुंचने के बाद उसे जंगल के बीच बने एक ठिकाने पर छोड़ दिया गया, जहां कई अन्य युवक भी रह रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/firozpur-noodles-factory-raid-food-safety-team-destroyed-450-kg-noodles/

युवक के अनुसार, मॉस्को एयरपोर्ट से एजेंट का व्यक्ति उसे और करीब 10 अन्य युवकों को अपने साथ ले गया। इसके बाद उन्हें जंगल के बीच स्थित एक जर्जर मकान में ठहराया गया, जहां एक छोटे कमरे में कई लोगों को एक साथ रहने के लिए मजबूर किया गया।
टूरिस्ट वीजा पर भेजने का आरोप
युवक ने बताया कि एजेंट ने उसे वर्क वीजा का भरोसा दिया था, लेकिन रूस पहुंचने पर पता चला कि उसका वीजा टूरिस्ट श्रेणी का है। जब उसने इस बारे में एजेंट से सवाल किया तो उसे आश्वासन दिया गया कि बाद में वीजा एक्सटेंड कर दिया जाएगा।
एजेंट पर छोड़ने का आरोप
युवक का कहना है कि एजेंट ने उसे रूस पहुंचाने के बाद अपनी जिम्मेदारी खत्म होने की बात कह दी। उसने आरोप लगाया कि अब उसकी कोई मदद नहीं की जा रही और वह वहां फंसा हुआ है। युवक ने यह भी कहा कि उसकी मां जालंधर के एक अस्पताल में भर्ती है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
जंगल में फंसे होने का दावा
वीडियो में युवक ने दावा किया कि चारों तरफ घना जंगल है और बाहर निकलने का रास्ता समझ नहीं आ रहा। उसने कहा कि एजेंट के लोगों ने बताया कि जब तक उन्हें भुगतान नहीं मिलेगा, तब तक आगे नहीं ले जाया जाएगा।
युवाओं से की अपील
युवक ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के युवाओं से अपील की कि बिना पूरी जांच-पड़ताल किसी एजेंट के झांसे में न आएं। उसने कहा कि विदेश जाने से पहले वीजा, नौकरी और एजेंट की पूरी जानकारी की जांच करना बेहद जरूरी है।

