जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब के सिविल अस्पतालों में कार्यरत ग्रेड-4 कर्मचारियों ने 20 अगस्त से पूरे राज्य में कामकाज बंद करने का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने सिविल सर्जन और मेडिकल सुपरिटेंडेंट को मांग पत्र सौंपते हुए लंबे समय से सेवाएं दे रहे कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने और वेतन बढ़ाने की मांग की है।
यूनियन प्रधान डिंपल रेहला ने बताया कि कई कर्मचारी पिछले 16 से 18 वर्षों से कच्चे आधार पर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें नियमित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में अन्य विभागों के कच्चे कर्मचारियों को नियमित कर वेतन में बढ़ोतरी की गई है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिला।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/mohali-rishwat-mamla-senior-assistant-arrest/
कर्मचारियों की मांग है कि उनका वेतन 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जाए और उन्हें स्थायी नौकरी दी जाए। यूनियन का कहना है कि कोविड-19 महामारी के दौरान ग्रेड-4 कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा की थी, इसलिए अब सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि 20 अगस्त से पंजाब के सभी सिविल अस्पतालों में ग्रेड-4 कर्मचारी कामकाज बंद करेंगे। हालांकि, मरीजों की सुविधा को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

