हरियाणा -(मनदीप कौर)- हरियाणा के रोहतक में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव खरावड़ के पास स्थित मिलन होटल (ढाबे) में खाना खा रहे चार युवकों की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांच हथियारबंद हमलावर स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे और युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग मेज और कुर्सियों के पीछे छिप गए। इस हमले में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने भागकर जान बचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पीछा कर उसे भी गोलियों से भून दिया।

झज्जर और बेरी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे मृतक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के गांव डीघल के बताए जा रहे हैं, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़े:- जालंधर वेस्ट में AAP को बड़ा झटका, ब्लॉक प्रधान टेक चंद ने दिया इस्तीफा
मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीआईए, स्पेशल सेल और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीमों ने मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी से महज 500 मीटर दूर हुई वारदात
जिस स्थान पर चार युवकों की हत्या की गई, वहां से खरावड़ पुलिस चौकी महज 500 मीटर की दूरी पर बताई जा रही है। पुलिस चौकी के इतने नजदीक पांच हथियारबंद हमलावरों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग कर फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
गैंगवार के एंगल से भी जांच
प्रारंभिक जांच में इस वारदात को भाऊ-रिटोलिया और सुनी रिटोलिया गिरोहों के बीच चल रही गैंग रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता गांव डीघल में हाल ही में हुई एक युवक की हत्या से भी इस घटना के संभावित संबंधों की पड़ताल कर रहे हैं। हालांकि, हमले का मकसद और हमलावरों की पहचान अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है।
चार युवकों की हत्या की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण रोहतक पीजीआई पहुंच गए। पीजीआई परिसर में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

