जालंधर -(मनदीप कौर)- गुरु नानक पुरा इलाके में देर रात पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनके घर में घुसे और तोड़फोड़ करने के साथ परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, उन्होंने अपने पड़ोसियों की बेटी की शादी के दौरान करीब ₹20 हजार उधार दिए थे। परिवार का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर पिछले कुछ समय से उनके साथ गाली-गलौज की जा रही थी।

परिवार का दावा है कि देर रात जब वे घर के बाहर बैठे थे, तभी पड़ोसी का बेटा कथित तौर पर करीब 20-25 युवकों को साथ लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद घर में घुसकर सामान तोड़ा गया और परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।
वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी तरफ से किसी तरह की मारपीट या तोड़फोड़ नहीं की गई और उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

