जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब में गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले मामलों पर कार्रवाई के बीच जालंधर में सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना नंबर-5 क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बस्तीयात इलाके के दो युवकों का हवा में फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़े:-गुलाब देवी रोड पर 5वीं बार चोरी, नकदी-गहने और सिलेंडर लेकर फरार हुआ चोर
एडीसीपी-2 माधवी शर्मा के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवकों ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी। थाना-5 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा दोनों के हथियार लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग जैसे वीडियो सामने आने पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

