जालंधर -(मनदीप कौर)- सिविल अस्पताल में कृष्णा लैब के बाहर एक महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गोराया निवासी सुशीला अपने परिवार के साथ डिलीवरी के लिए अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान महिला को लेबर पेन शुरू हो गया।
महिला की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर राउंड के दौरान मौके पर पहुंचे और स्टाफ को स्ट्रेचर लाने के लिए कहा। इसी बीच महिला ने कृष्णा लैब के बाहर ही बच्चे को जन्म दे दिया। डॉक्टर ने बच्चे को रिसीव किया, जिसके बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल के गायनी वार्ड में भर्ती कराया गया।

यह भी पढ़े:-GMADA दफ्तर के बाहर AAP का प्रदर्शन, ED की कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट नमिता घई के अनुसार महिला के पहले से चार बच्चे हैं और यह उनकी पांचवीं डिलीवरी थी। उन्होंने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों की हालत स्थिर है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार घटना के बाद महिला को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया गया। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ने लोगों से अपील की कि ऐसी स्थिति में वीडियो बनाने के बजाय तुरंत अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ को सूचना दें, ताकि मां और बच्चे को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

