जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में मरीन ड्राइव पर भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सोनारी थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े एक ट्रक के पीछे जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

यह भी पढ़े:-सिविल अस्पताल में कृष्णा लैब के बाहर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण सड़क पर खड़ा ट्रक समय पर दिखाई नहीं देने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे पर्याप्त सुरक्षा संकेत और चेतावनी व्यवस्था मौजूद थी या नहीं।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

