यमुनानगर:-(मनदीप कौर)- हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी में शुक्रवार देर रात फायरिंग की वारदात सामने आई। चुना भट्ठी इलाके में एक क्रेन सर्विस स्टेशन के पास खाना खा रहे तीन लोगों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
मृतक की पहचान ऋषिपाल निवासी गांव मंधार के रूप में हुई है। वहीं गुरलीन सिंह और कमलजीत सिंह घायल हुए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़े:-पंजाब चुनाव से पहले सियासी हलचल, छज्जलवड़ी परिवार की राजनीतिक सक्रियता बढ़ी
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार हमलावर क्रेन सर्विस स्टेशन के कार्यालय में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास की CCTV फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग के पीछे की वजह और वारदात की परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।
मुसिंबल गांव में भी फायरिंग
रिपोर्टों के अनुसार, इसी घटनाक्रम के बाद मुसिंबल गांव में सरपंच के घर पर भी कई राउंड फायरिंग की गई। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस दोनों घटनाओं को लेकर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

