बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर चल रहा विवाद अब मारपीट तक पहुंच गया। वार्ड नंबर 50 के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
स्वागत के बहाने बाहर बुलाने का आरोप

मेघवाल के मुताबिक, वार्ड 50 से टिकट के दावेदार मोहित अरोड़ा और उसके साथियों ने उन्हें स्वागत और माला पहनाने के बहाने कार्यालय से बाहर बुलाया। आरोप है कि बाहर आने के बाद मोहित ने टिकट नहीं मिलने को लेकर सवाल किया।
मेघवाल का कहना है कि उन्होंने जवाब दिया कि पार्टी में कई लोग टिकट मांगते हैं, लेकिन टिकट किसी एक उम्मीदवार को ही दिया जा सकता है। इसके बाद कथित तौर पर उनके साथ चांटे और मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी गई।
मारपीट में फटा कुर्ता, वीडियो वायरल
घटना के दौरान मेघवाल का कुर्ता फट गया और उन्हें चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से निकल गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी फरार
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, मुख्य आरोपी बताए जा रहे मोहित अरोड़ा के अभी फरार होने की जानकारी सामने आई है।
कांग्रेस ने लिया बड़ा एक्शन
घटना के बाद राजस्थान कांग्रेस ने भी सख्त कार्रवाई की है। दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। वहीं, महिला कांग्रेस की बीकानेर शहर अध्यक्ष शशिकला राठौड़ की कथित भूमिका को लेकर भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।
टिकट बंटवारे को लेकर पहले से था विवाद
बताया जा रहा है कि वार्ड 50 से टिकट को लेकर पार्टी के भीतर नाराजगी चल रही थी। मोहित अरोड़ा टिकट के दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने नवरतन डागा को उम्मीदवार बनाया। इसी टिकट विवाद के बीच यह घटना सामने आई।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

