मुंबई:-(ब्यूरो रिपोर्ट)- पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए मुंबई पुलिस से इसे रद्द करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर कॉन्सर्ट रद्द नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा।
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर यानी आज मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होना निर्धारित है। MNS के नेता दिनेश ज्ञानेश्वर पुंडे ने इस संबंध में ताड़देव पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी है।

55 लोगों की जांच में 12 मिले पॉजिटिव
MNS ने अपने विरोध के समर्थन में 22 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट का हवाला दिया है। मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने उस कार्यक्रम के दौरान 55 लोगों की जांच की थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से 12 लोगों के सैंपल ड्रग्स सेवन के मामले में पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें 11 लोगों के गांजा और एक व्यक्ति के कोकीन सेवन की बात सामने आई थी।
इसी घटना का हवाला देते हुए MNS ने आशंका जताई है कि दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान भी नशे से जुड़ी गतिविधियां हो सकती हैं। पार्टी ने महालक्ष्मी रेसकोर्स और NSCI डोम में होने वाले बड़े म्यूजिकल कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है।
बम धमकी के ईमेल से पहले ही बढ़ी हुई है सुरक्षा
दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर 26 नवंबर को भी सुरक्षा का मामला सामने आया था। मुंबई के मेयर कार्यालय, मेट्रो स्टेशनों और कॉन्सर्ट से जुड़े स्थानों को निशाना बनाने की धमकी वाला ईमेल मिलने की रिपोर्ट सामने आई थी।
इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्थानों पर तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी है और कॉन्सर्ट स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
ट्रैफिक जाम और स्थानीय लोगों की परेशानी का भी मुद्दा
MNS ने अपने पत्र में कहा है कि बड़े कॉन्सर्ट के कारण आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम लगता है। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भीड़ और वाहनों के कारण स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है।
पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कार्यक्रमों को अनुमति देने से पहले सुरक्षा और स्थानीय लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाए।
फिलहाल 27 नवंबर के कॉन्सर्ट को रद्द किए जाने की कोई पुष्टि सामने नहीं आई है। कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

