जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के गुलाब देवी रोड स्थित रोज पार्क की नंबर-3 गली में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। पीड़ित परिवार के अनुसार, उनके घर में यह 5वीं बार चोरी हुई है। इस बार चोर घर से नकदी, गहने और गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, वारदात सुबह करीब 10:30 बजे हुई। परिवार के सदस्य अपने काम के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोर ने घर के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर सामान चोरी कर लिया।

यह भी पढ़े:-चोरी-लूट गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 15 मोबाइल और 2 मोटरसाइकिल बरामद
पीड़ित परिवार का कहना है कि घर में करीब 10 से 12 हजार रुपये की नकदी और लगभग 20 से 25 हजार रुपये के मंगलसूत्र समेत अन्य सामान मौजूद था, जिसे चोर अपने साथ ले गया। CCTV फुटेज में एक व्यक्ति गैस सिलेंडर लेकर घर से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।
परिजनों के मुताबिक, चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जांच अधिकारी ASI जगरूप सिंह मामले की जांच कर रहे हैं और परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।
पुलिस पर आरोपी को छोड़ने का आरोप
परिवार की ओर से पुलिस के सामने एक और गंभीर आरोप लगाया गया है। परिजन का दावा है कि उन्होंने पहले भी एक चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।
परिजन का कहना है कि अगर उस समय आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होती तो शायद इलाके में चोरी की घटनाओं पर रोक लग सकती थी। हालांकि, यह परिजनों का आरोप है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़ित ने यह भी बताया कि इलाके में पहले साइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। परिवार ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर कार्रवाई की मांग की है।

