संगरूर: जिले के दिड़बा क्षेत्र के गांव रोगला में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में क्षेत्र के उभरते कबड्डी खिलाड़ी जसकरण सिंह उर्फ दुमालू गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई
जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग जसकरण सिंह के घर में घुस गए और उन पर लोहे की रॉड समेत अन्य हथियारों से हमला किया। हमले में जसकरण के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उनकी मां को भी चोट लगने की बात सामने आई है।

कई अस्पतालों में चला इलाज
गंभीर हालत में जसकरण सिंह को पहले कौहरियां अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें संगरूर और फिर पटियाला रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें PGI चंडीगढ़ ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े:- दिल्ली की रोहिणी जेल में कैदी की हत्या, धारदार हथियार से हमला; दो कैदियों पर आरोप
जसकरण सिंह की मौत की खबर से गांव और खेल जगत में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस
थाना दिड़बा पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार 9 नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे विवाद की वजह तथा इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

