लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना जिले से पंजाबी म्यूजिक जगत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। सुधार पत्ती धालीवाल गांव में गायक और गीत लेखक बलजीत सिंह का शव उनके घर के अंदर बेड पर मिला। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है और उसके पास सूखा हुआ खून भी बरामद हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बलजीत सिंह पिछले चार-पांच दिनों से दिखाई नहीं दे रहे थे। वीरवार को उनके घर से बदबू आने के बाद आसपास के लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर खुलवाया तो अंदर बेड पर उनका शव पड़ा मिला।

कमरे में मिला सूखा हुआ खून
पुलिस जांच के दौरान शव के आसपास और कमरे में सूखे हुए खून के निशान भी मिले हैं।
यह भी पढ़े:-रियासी में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, सर्च ऑपरेशन में हथियार और गोला-बारूद बरामद
यही वजह है कि पुलिस फिलहाल मौत को केवल सामान्य मौत मानकर नहीं चल रही और हत्या समेत अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और CIA टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पिछले कुछ दिनों में बलजीत सिंह के घर के आसपास आने-जाने वाले लोगों की जानकारी मिल सके।
नशे से जुड़ा एंगल भी जांच के दायरे में
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, परिजनों ने एक कथित नशा तस्कर की भूमिका की भी जांच की मांग की है। बताया गया है कि बलजीत सिंह को कुछ दिन पहले एक कथित नशा तस्कर के ठिकाने के पास देखा गया था। हालांकि उनकी मौत का नशे के कारोबार से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम के बाद तस्वीर साफ होगी।

