पंजाब -(मनदीप कौर)-पंजाब के Amritsar से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर वरिंदर घुम्मन की सर्जरी के दौरान हुई मौत ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। इस मामले में अब अमृतसर पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए Fortis Hospital के चार वरिष्ठ डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2025 को सर्जरी के दौरान वरिंदर घुम्मन की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार ने हस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे, जिसके चलते जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया।
SIT की जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से सामने आया कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही मरीज की जान गई। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार डॉक्टरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
एफआईआर में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. तपिश शुक्ला, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अलका तिवारी, एनेस्थीसिया विभाग के हेड डॉ. राजेंद्र कौर और कार्डियोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. अरुण कुमार चोपड़ा के नाम शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

