जालंधर जालंधर में शुक्रवार तड़के एक बड़ी पुलिस कार्रवाई सामने आई है। फाजिल्का पुलिस की टीम ने शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में छापेमारी कर एक प्रतिष्ठित स्कूल के मालिक को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे पुलिस टीम उनके निवास पर पहुंची और पूछताछ के बाद उन्हें अपने साथ फाजिल्का ले गई।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई जालालाबाद में दर्ज एक धोखाधड़ी के मामले से जुड़ी हुई है। इसी केस में आगे की जांच के तहत फाजिल्का पुलिस ने जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को पहले ही सूचित कर दिया था और उनकी मौजूदगी में यह ऑपरेशन किया गया।
फिलहाल, मामले में कितनी राशि का विवाद है और पूरे मामले की असल वजह क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना है।

