पंजाब -(मनदीप कौर)-पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने कलाकारों और आम लोगों के बीच चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार मशहूर पंजाबी गायक राणा सहोता पर नवांशहर के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने हमला करने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब राणा सहोता अपनी कार से कहीं जा रहे थे। उसी दौरान एक काले रंग की कार ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वह कार उनकी गाड़ी के बराबर आकर चलने लगी और उसमें बैठे लोगों ने उन्हें गाड़ी रोकने का इशारा किया।
राणा सहोता को मामला संदिग्ध लगा, इसलिए उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी और आगे बढ़ते रहे। बताया जा रहा है कि उस कार में तीन लोग सवार थे, जो लगातार उनकी गाड़ी के साथ चलकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे।
गायक के अनुसार जब उन्होंने गाड़ी रोकने से इनकार किया, तो बदमाशों ने डराने के लिए हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और संबंधित अधिकारी इस घटना की जांच में जुट गए हैं। इस वारदात के बाद कलाकारों की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।

