जालंधर -(मनदीप कौर )- शहर के सुंदर नगर इलाके से एक ही क्वार्टर में रहने वाली तीन नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस और एसीपी नॉर्थ अशोक मीणा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि तीनों लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हैं। परिजनों ने बताया कि वे रोजाना की तरह सुबह काम पर गए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे घर लौटने पर बच्चियां घर में मौजूद नहीं थीं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला।
प्रारंभिक जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीनों लड़कियां दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से बाहर जाती दिखाई दीं। जानकारी के अनुसार लापता लड़कियों में 12 और 13 साल की दो सगी बहनें शामिल हैं, जबकि 16 वर्षीय उनकी एक सहेली भी उनके साथ थी। दोनों बहनें चौथी और पांचवीं कक्षा की छात्राएं बताई जा रही हैं।
एसीपी नॉर्थ ने कहा कि पुलिस की टीमें अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिवार और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता का माहौल है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी तीनों लड़कियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने से संपर्क करें।

