पंजाब कैबिनेट की अहम बैठक संपन्न हो चुकी है और इसमें जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगा दी गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य के करीब 40 लाख परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लिया गया।
कैबिनेट ने मुफ्त राशन योजना में बदलाव को मंजूरी दे दी है। अब लाभार्थियों को 2 किलो गेहूं की जगह 2 किलो आटा दिया जाएगा। इसके साथ 2 किलो चने, 1 किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और 1 लीटर सरसों का तेल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि राशन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार का दावा है कि इस फैसले से लाखों जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी रसोई पर आर्थिक बोझ कम होगा।

