अमृतसर -(मनदीप कौर)-अमृतसर के छेहरटा इलाके में बुधवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात हमलावर ने पूर्व कांग्रेसी काउंसलर लखनपाल के भतीजे सागर पर फायरिंग कर दी। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सागर अपनी बहन के साथ घर के बाहर खड़ा होकर कुत्तों को खाना खिला रहा था। तभी हेलमेट पहने एक युवक एक्टिवा पर वहां पहुंचा और बिना किसी बहस के नजदीक आकर सागर के पेट में सीधी गोली मार दी। गोली लगते ही सागर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सागर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसीपी शिव दर्शन के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं।
फिलहाल, हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस पुरानी रंजिश और गैंगस्टर कनेक्शन जैसे सभी एंगल से जांच कर रही है, हालांकि अभी तक किसी भी पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई

