अमृतसर -(मनदीप कौर)-अमृतसर में वेयरहाउस जिला मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा (45) की मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। उनकी मौत के तीसरे दिन भी पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है और उनका शव अभी भी अमृतसर के एक अस्पताल में रखा हुआ है।
इसी बीच, उनके घर से सामने आई CCTV फुटेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है। करीब तीन मिनट की इस फुटेज में 21 मार्च सुबह 5:45 बजे रंधावा अपने घर के बाहर टहलते नजर आ रहे हैं। वह गहरी सोच में दिखाई देते हैं, फिर आसपास देखते हैं और कुछ निगलते हुए कैमरे में कैद हो जाते हैं।
बताया जा रहा है कि यह जहर (संभावित तौर पर सल्फास) था। जहर निगलने के बाद उनकी एक वीडियो भी सामने आई, जिसमें उन्होंने कहा—
“मैंने सल्फास खा लिया है। मैं मंत्री लालजीत भुल्लर के डर से यह कदम उठा रहा हूं।”
इस घटना के बाद मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। शनिवार आधी रात को पूर्व ‘आप’ मंत्री लालजीत भुल्लर, उनके पिता सुखदेव भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मृतक की पत्नी उपिंदर कौर ने साफ कहा है कि जब तक भुल्लर की गिरफ्तारी नहीं होती, वह पीछे नहीं हटेंगी। आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वह अपने बच्चों के साथ सड़क पर धरना देंगी।
वहीं, रंधावा की मां का दर्द भी सामने आया। उन्होंने भावुक होकर कहा—
“मेरे बेटे को खा गए।”
पुलिस सूत्रों के अनुसार, परिवार को पोस्टमार्टम की अनुमति देने के लिए कहा गया है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारियों पर फैसला लिया जाएगा।

