जालंधर – ( मनदीप कौर)- जालंधर के वेस्ट एरिया अंतर्गत आने वाले पॉश इलाके मॉडल टाउन में उस समय सनसनी फैल गई, जब गुरुद्वारा साहिब के सामने सरेआम फायरिंग की घटना सामने आई। इस हमले में आम आदमी पार्टी के युवा नेता लक्की ओबरॉय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्की ओबरॉय गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद अपने घर जाने के लिए अपनी थार गाड़ी में बैठने ही वाले थे। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने, जिनके चेहरे लोई की बुक्कल से ढके हुए थे, अचानक लक्की ओबरॉय पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
इस फायरिंग में लक्की ओबरॉय को पांच गोलियां लगी हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

