लुधियाना -(मनदीप कौर)-लुधियाना शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सीबीएसई से संबद्ध तीन स्कूलों को ईमेल के जरिए एक धमकी भरा संदेश मिला। ईमेल में दावा किया गया था कि स्कूल परिसर में बम रखा गया है।
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने बिना देरी किए पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए और पूरे स्कूल परिसर की बारीकी से जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

